रायपुर धरसींवा के 40 पुलिस वाले पिछले 19 दिनों से नहीं जा पा रहे घर, थाने में ही हो रहा खाना-सोना

रायपुर. रायपुर-बिलासपुर रोड पर स्थित धरसींवा थाने के 40 पुलिस वाले पिछले 19 दिनों से अपने घर नहीं जा पा रहे हैं। जब से शहर लॉकडाउन हुआ है और धारा-144 लागू है तब से लगभग सभी स्टाफ थाने में ही रह रहे हैं। चूंकि यह थाना रायपुर-बलौदाबाजार सीमा पर स्थित है। सरकार ने सभी शहरों की सीमा को सील कर दिया है। एक शहर से दूसरे शहर में जाने पर पाबंदी लगाई गई है। धरसींवा टीआई बृजेश तिवारी ने अपने स्टाफ के लिए थाने में ही भोजन और सोने की व्यवस्था कर दी है। थाने के स्टाफ वहीं सभी के लिए भोजन पकाते हैं। इतने लोगों के लिए बर्तन नहीं होने के कारण पतरी में भोजन परोसा जाता है। पुलिस वाले बारी-बारी आकर भोजन करते हैं। खुद टीआई भी अपने स्टाफ के साथ थाने में ही भोजन कर रहे हैं। यहां तक कि आसपास के ऐसे लोगों को भी भोजन दिया जाता है, जिनके पास व्यवस्था नहीं है।
टीआई बृजेश तिवारी ने बताया कि थाने के अधिकांश स्टाफ शहर में रहते हैं। उनका क्वार्टर सिटी है। अभी इमरजेंसी का समय है। थाने से घर जाने में स्टाफ को एक घंटा लग जाता है। उतना ही समय आने में लगता है। साथ ही लॉकडाउन होने से भी किसी भी स्टाफ को छोड़ा भी नहीं जा सकता। इसलिए उनके थाने में रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है। रोज तीन टाइम भोजन बनाया जाता है। सभी अपने-अपने शिफ्ट में आकर भोजन करते हैं।
यह भी पढ़े - स्वास्थ्य कर्मियों को घेरकर मारपीट करने वाले 30 लोगों पर अपराध दर्ज
राजधानी की सीमा को सील कर दिया गया है। थाने के स्टाफ शहर की सीमा पर 24 घंटे तैनात रहते हैं। दूसरे शहरों से बिना अनुमति किसी को आने नहीं दिया जा रहा है। इसमें डीडी नगर, धरसींवा, उरला, आमानाका, आरंग, खरोरा, नेवरा, अभनपुर और गोबरा नवापारा शामिल हैं।
No comments:
Post a Comment