स्वास्थ्य कर्मियों को घेरकर मारपीट
करने वाले 30 लोगों पर अपराध दर्ज
भिलाई दुर्ग | फरीद नगर सुपेला क्षेत्र में होम क्वारंटाइन में रह रहे लोगों के सर्वे के लिए पहुंची दो महिला स्वास्थ्य कर्मियों को घेरकर पीटने वालों के खिलाफ सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। करीब 30 से अधिक महिलाओं व पुरुषों ने मिलकर दोनों स्वास्थ्य कर्मियों को घेर लिया था और उसने मारपीट की थी। सुपेला अस्पताल के बीएमओ की लिखित शिकायत पर एक नामजद महिला सहित अन्य लोगों के खिलाफ यह अपराध दर्ज किया गया है।
सोमवार को दोपहर करीब दो बजे दो एएनएम विनीता साहू और रश्मि राय फरीद नगर पहुंची थी। दोनों महिला स्वास्थ्य कर्मी फरीद नगर के नदीम टैक्स टाइल्स लिखे एक मकान में पहुंची। जहां पर दो लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया था।
उनसे उनकी व्यक्तिगत जानकारी मांगते ही घर की महिला दोनों स्वास्थ्य कर्मियों पर भड़क उठी। उसने स्वास्थ्य कर्मियों को एनआरसी का सर्वे करने वाले बताते हुए उनसे विवाद शुरू कर दिया। महिला द्वारा जोर-जोर से चिल्लाने पर आरोपित निगारा खातून सहित आसपास की करीब 30 महिलाएं व कुछ पुरुष वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर दोनों स्वास्थ्य कर्मियों को घेर लिया था और उनसे मारपीट की।
पुलिस को सूचना मिलने पर सुपेला थाने की पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंची तो आरोपितों ने सिपाहियों से भी हाथापाई की। पुलिस किसी तरह से दोनों महिलाओं को आरोपितों की भीड़ से निकालकर थाने लाई। दोनों स्वास्थ्य कर्मियों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बीएमओ व कोरोना वायरस के प्रभारी नोडल अधिकारी संजय जामगाड़े को इस घटना की जानकारी दी।
सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर से निर्देश लेने के बाद बीएमओ संजय जामगाड़े ने इसकी थाने में शिकायत की। जिसके आधार पर सुपेला पुलिस ने आरोपित निगारा खातून व अन्य आरोपितों के खिलाफ शासकीय सेवकों से मारपीट और प्रतिबंध का उल्लंघन करने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
No comments:
Post a Comment