प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित सरकारी आवास में योग किया। इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सीएम इस वीडियो में मुश्किल आसन माने जाने वाले शीर्षासन को बड़ी ही आसनी और फुर्ती से करते दिख रहे हैं। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने भी रविवार को योग के कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी दफ्तर में तो कार्यक्रम हुए ही। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने अपने घर पर नेताओं के साथ योग किया।
कोरोना संक्रमण के खतरे की वजह से कोई सार्वजनिक कार्यक्रम प्रदेश में कहीं नहीं हुआ। संयुक्त राष्ट्र संघ के आव्हान पर हर वर्ष 21 जून को पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए छठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इसे डिजिटल प्लेटफार्म पर मनाया जा रहा है। यानी घरों पर लो योग करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
राज्यपाल बोलीं- कोरोना से लड़ने में मददगार योग
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रदेश वासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि आज पूरा विश्व कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है। इस बीमारी से निजात पाने की सबसे बड़ी जरूरत यह है कि हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहे और इसके लिए योग ही सबसे प्रमुख उपाय है। हम यदि प्रतिदिन नियमित रूप से योगाभ्यास करते हैं तो हमेशा निरोगी रहेंगे और समस्त बीमारियों से मुक्त रहेंगे। भारत के प्राचीन योग की महत्ता पूरे विश्व ने स्वीकार की है। आज जब कोरोना जैसी महामारी से पूरी दुनिया परेशान है, तब एक बार फिर योग ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
गृहमंत्री ने किया योग
प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू अपने परिजन के साथ योग करते दिखे। उन्होंने इस मौके पर कहा कि योग व्यायाम का ऐसा प्रभावशाली प्रकार है, जिसके माध्याम से न केवल शरीर के अंगों बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा में संतुलन बनाया जाता है। यही कारण है कि योग से शारीरिक व्याधियों के अलावा मानसिक समस्याओं से भी निजात पाई जा सकती है। योग शब्द की उत्पत्ति संस्कृति के युज से हुई है, जिसका मतलब होता है आत्मा का सार्वभौमिक चेतना से मिलन।
भाजपा कार्यालय में योग
पूर्व मंत्री और रायपुर के विधायक बृजमोहन अग्रवाल भी योग करते दिखे। उन्होंने कहा कि आज शुभ दिन है, जब भारत का योग विश्व मंच पर अपना परचम फहरा रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ योग के कार्यक्रम में भाग लेकर मैंने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
दंतेवाड़ा कलेक्टर के आसन
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा कलेक्टर दीपक सोनी ने अपनी पत्नी अदिति सोनी के साथ अपने निवास में योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग' का अर्थ शरीर और चेतना को एक साथ मिलाना है। इस वक्त लोग वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति को मजबूत करने और रोग-प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करने के लिए उन्होंने जिले के सभी अधिकारी कर्मचारी और आम नागरिकों से भी अपने अपने घरों में योग करने की अपील की है।
जांजगीर कलेक्टर ने बच्चों के साथ किया योग
जांजगीर के कलेक्टर यशवंत कुमार भी बच्चों के साथ योग करते दिखे। उन्होंने कहा कि योग से न केवल व्यक्ति का तनाव दूर होता है बल्कि मन और मस्तिष्क को भी शांति मिलती है ।योग न केवल हमारे दिमाग, मस्तिष्क को ही ताकत पहुंचाता है बल्कि हमारी आत्मा को भी शुद्ध करता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hXpQ54
No comments:
Post a Comment